इंदिरापुरम (गाजियाबाद)। मेरठ के सरधना निवासी आईटी कंपनी के मैनेजर संदीप का शव वसुंधरा सेक्टर-8 स्थित पेड़ पर फंदे पर लटका मिलने के मामले में पिता ने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संदीप के पिता ने उनके बेटे को ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उत्पीड़न करने पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है। एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मामले में पत्नी कोमल, अनीता, सुरेंद्र सिंह, आशीष, आदित्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
ओमपाल सिंह निवासी सरधना (मेरठ) के छोटे पुत्र संदीप की शादी 12 दिसंबर, 2015 को सुरेंद्र निवासी गांव किनानगर थाना भावनपुर मेरठ की बेटी कोमल के साथ बिना दान दहेज के हुई थी। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से कोमल की मां अनिता, पिता सुरेंद्र, भाई आशीष और आदित्य लगातार फोन करके दंपति और उसके बेटे संदीप को परेशान करने लगे। गाली गलौज करने लगे। कोमल और उसके घरवालों ने संदीप पर आरोप लगाया कि वह अपने पिता के घर ही रहता है।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग संदीप के घर आए और गाली गलौज कर कोमल को अपने साथ ले गए। ससुराल पक्ष ने संदीप के साथ गाली गलौज करते हुए संदीप के माता पिता को जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। उनका बेटा कोमल के साथ केंद्रीय विहार सेक्टर-82 में किराए पर रहने लगा। उनका बेटा ऑफिस से चोरी छिपे अपने माता-पिता को फोन करता था।
फोन पर संदीप ने पिता को बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न करते हैं। उनके वेतन का सारा पैसा अपनी जरूरतों में खर्च करते हैं। तीन अक्तूबर सुबह करीब 8 बजे संदीप के पिता के पास फोन आया कि उनके छोटे बेटे संदीप का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे। बाद में कोमल और उसके घर वालों ने उनके घर आकर हंगामा किया। संदीप के ससुराल पक्ष के लोग कोमल को अपने साथ ले गए। ओमपाल ने आरोप लगाया है कि संदीप की पत्नी कोमल और ससुराल पक्ष के लोगों के अत्याचारों से तंग आकर संदीप ने फंदा लगाया है।