मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित प्राचीन भद्रकाली मंदिर की बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मंदिर के सेवादार संत ने दबंगों से अपनी जान का खतरा बताया है। एसएसपी दफ्तर पहुंचे संत ने अपनी सुरक्षा के लिए गनर दिए जाने की मांग की है।
मनोहर कॉलोनी स्थित भद्रकाली मंदिर के सेवादार शहशानंद गिरी सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ लोगों ने फर्जी कमेटी बनाते हुए मंदिर पर कब्जा कर लिया है। मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे को यह दबंग अपने निजी कामों में प्रयोग कर रहे हैं। इसी के साथ वर्तमान समय में मंदिर विधर्मियों का अड्डा बन गया है और दबंगों द्वारा मंदिर में अधार्मिक कार्य किए जा रहे हैं।
संत का आरोप है कि जब वह दबंगों का विरोध करते हैं तो दबंग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने अपनी जान का खतरा बताते हुए एसएसपी को सौंपे प्रार्थना पत्र में खुद को गनर दिए जाने की मांग की है। उधर, एसएसपी डा विपिन ताडा का कहना है कि इस मामले में सीओ मवाना से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। संवाद