सरधना। गांव अब्दुल्लापुर निवासी जावेद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से जुल्हेड़ा रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता है। वहीं परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि बुधवार शाम वह और उसकी पत्नी भट्ठे पर काम कर रहे थे। उनकी 13 वर्षीय बेटी कमरे पर अकेली थी। शाम करीब साढ़े 7:00 बजे वह दोनों कमरे पर पहुंचे तो बेटी वहां नहीं मिली। कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था। काफी तलाश करने और आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत फईम नामक युवक उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया है। पीड़ित का आरोप है कि बेटी के साथ घर से करीब 20 हजार रुपये नकद तथा सोना-चांदी के कुछ जेवर भी गायब हैं। आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। नाबालिग बेटी के साथ कोई अनहोनी की आशंका जताते हुए सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।