फलावदा रोड पर कार की टक्कर से घायल बालक कर्ण ।
- फोटो : MAWANA
मवाना। नगर में दो अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में उपचार दिलाया गया।
दिल्ली के शाहदरा निवासी अनिल बाइक से पिलौना गांव में रिश्तेदारी में आया हुआ था। शनिवार देर रात लौटने के दौरान बाईपास पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, दूसरे मामले में रविवार को निलोहा गांव निवासी रोशन के पुत्र कर्ण को कार ने टक्कर मार दी। रोशन फलावदा रोड पर सबमर्सिबल के सामान की दुकान करता है। उसका बेटा कर्ण दुकान पर आने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकला। दोनों ही मामलों में थाने पर तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी विनय आजाद का कहना है कि बच्चे को टक्कर मारने के मामले में कार का नम्बर पीड़ित द्वारा दिया गया है, जल्द ही कार चालक हिरासत में होगा।