मानी मांग, सोमवार से छात्रावास के लिए पंजीकरण शुरू
मेरठ। मेरठ कॉलेज के बंद पड़े छात्रावासों में सोमवार से पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। लंबे समय तक चले छात्रावास बचाओ अभियान के बाद कॉलेज प्रबंधन ने बीएनएम और सरस्वती छात्रावास में दाखिले खोल दिए हैं। छात्रों द्वारा पिछले तीन महीने से छात्रावास बचाओ अभियान चलाया जा रहा था। इसके तहत कॉलेज के प्राचार्य का भी कई बार घेराव किया गया।
इसके बाद छात्रों ने कॉलेज के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। छात्रनेता विजित तालियान ने बताया कि आठ दिन तक चले धरने के बाद छात्रों की जीत हुई है। इस बीच छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे। कई राजनीतिक दलों, पुरातन छात्रों और मेरठ कॉलेज शिक्षक संघ और भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों को समर्थन दिया था।
शुभम मलिक ने बताया कि छात्र नेताओं ने कॉलेज में महापंचायत का ऐलान कर दिया था। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्र प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया। प्राचार्य प्रो. एसएन शर्मा और प्रबंध कमेटी के सदस्य धरनास्थल पर पहुंचे और जूस पिलाकर छात्रों की भूख हड़ताल खत्म कराई।
उन्होंने बताया कि सोमवार से दोनों हॉस्टल में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीएनएम में 60 छात्रों के प्रवेश लिए जाएंगे। इस दौरान गौरव जमालपुर, सौरभ सिंह, अनुराग चौधरी, अनुज जावला, शेरा जाट, हर्ष चहल, अंकित जमालपुर, अंकित सलारपुर, अंकित त्यागी, सचिन करनावल, सागर सिंह, भूरा छिलोरा, प्रियांशु मलिक आदि मौजूद रहे।