खरखौदा। क्षेत्र के एक गांव में शादी के बाद पहली बार मायके पहुंची नवविवाहिता को दूसरे समाज के युवक द्वारा जबरन उठाने के मामले में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा थाने पर प्रदर्शन के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात को ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अब नवविवाहिता के बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
एक गांव निवासी युवती की शादी नौ मई को हुई थी। शादी के पहली बार मायके में पहुंची नवविवाहिता को दूसरे वर्ग का व दूसरे गांव का एक युवक शुक्रवार को गाड़ी में जबरन उठाकर ले गया था जब वह घर में अकेली थी। परिजनों ने घर से नगदी व जेवरात भी ले जाने का आरोप लगाया था। आरोपी युवक के दूसरे समुदाय का होने के चलते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा कर कार्रवाई की मांग की थी। थाना पुलिस ने आरोपी मां और बहन को हिरासत में लेकर दबाव बनाया और शुक्रवार रात को ही नवविवाहिता सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष ने नवविवाहिता को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हालांकि हिंदू संगठन के कार्यकर्ता व परिजन देर शाम तक नवविवाहिता को साथ ले जाने की जिद पर अड़े रहे लेकिन पुलिस ने नवविवाहिता को परिजनों की सुपुर्दगी में देने से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना था कि नवविवाहिता के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।