हिमाचल प्रदेश की युवती को लेकर आए नगर निवासी दूसरे वर्ग के युवक को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद कार्रवाई के लिए भाजपा और हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने कोतवाली जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। फिलहाल युवक-युवती पुलिस हिरासत में है। युवती के परिजनों को बुलाया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओम सिंह मोतला को सूचना मिली कि नई आबादी मोहल्ले का युवक हिमाचल प्रदेश की हिंदू समाज की युवती को लेकर आया है। इस पर कार्यकर्ताओं ने बुढ़ाना तिराहा के निकट युवक-युवती को पकड़ लिया और कोतवाली ले आए। मामले की सूचना पर हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
आरोपी युवक और उसके अन्य साथियों पर रासुका लगाने की मांग की। इंस्पेक्टर ने किसी तरह मामला शांत किया। हंगामा करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित जैन, मदन छाबड़ा समेत कई लोग शामिल रहे।
युवक सात आठ साल से हिमाचल में कारपेंटर का काम करता था। वही पर उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। लड़की बालिग है। वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ आई है और अपने परिजनों के संपर्क में है। फिर भी एहतियात के तौर पर लड़की के परिजनों को बुलाया गया है।
- संजीव कुमार, इंस्पेक्टर