जानी खुर्द। गांव मीरपुर जखेड़ा निवासी रविंद्र पुत्र सतपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की सुबह करीब 7:00 बजे उनकी बहन पिंकी गांव में ही दुकान से दूध लेने गई थी। वह घर से बाहर निकली तभी गांव के ही एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर भागते हुए अपने घर पहुंची। पीड़ित का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद आरोपी पक्ष के चार लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर आ धमके। चारों आरोपियों ने घर के बाहर जमकर गाली-गलौज की और रंजिश का हवाला देते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान पीड़िता पिंकी को गंभीर गुम चोटें भी आई हैं। घटना में पीड़ित रविंद्र ने आरोपी पर घर के बाहर अवैध हथियार से फायर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित रविंद्र ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।