कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के नंगलाताशी में बृहस्पतिवार तड़के रोडरेज की बड़ी घटना हो गई। तेज रफ्तार वाहन चालक ने सड़क किनारे झोपड़ी में सो रहे परिवार को रौंद डाला। अजय मीणा (40) की मौके पर मौत हो गई। उनकी पत्नी लीलावती (35) बेटा दीपक (11) और पिता मेवाराम (60) बुरी तरह घायल हो गए। तीनों को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। दीपक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे को अंजाम देकर आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी के जरिए वाहन चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
सरधना-करनाल हाईवे स्थित नंगलाताशी गांव निवासी शिवम ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से सरधना के मेहरमती मीणा गांव का रहने वाला है। कई वर्षों से परिवार नंगलाताशी गांव में ही रह रहा है। उसके चाचा अजय मीणा ने सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर चाय की दुकान खोल रखी थी। वे यहां पर पत्नी लीलावती, बेटे दीपक और बुजुर्ग पिता मेवाराम के साथ रह रहे थे। बुधवार रात को परिवार के चारों सदस्य सोए हुए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे कोई तेज रफ्तार वाहन झोपड़ी में घुस गया था। परिवार के लोग समझ ही नहीं पाए कि क्या हो गया। भीषण हादसे में अजय की मौके पर मौत हो गई जबकि लीलावती, दीपक और मेवाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो चारों लोग लहूलुहान पड़े थे। झोपड़ी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। वाहन चालक फरार हो चुका था। चारों को लोग मेडिकल अस्पताल में लेकर गए जहां अजय को मृत घोषित कर दिया गया। तीनों घायलों को भर्ती कराया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी नीरज मलिक का कहना है कि परिवार की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है। सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश की जा रही है।
सुबह पांच बजे से पहले तक उठ जाता था पूरा परिवार
मृतक अजय के भतीजे शिवम ने बताया कि चाचा का परिवार सुबह पांच बजे से पहले उठ जाता था। चाचा अजय झोपड़ी के आसपास साफ-सफाई करते थे। साफ-सफाई के बाद वे दुकान खोलते थे। बताया कि अगर 15 मिनट पहले परिवार सोकर उठ जाता तो शायद हादसा ना होता।
परिवार के लोग अस्पताल में, अजय का हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद अजय का शव गांव पहुंचा तो रिश्तेदारों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, हर कोई यही कह रहा था कि तीनों घायल अस्पताल में हैं। अजय की मौत का उन्हें पता भी नहीं है। शिवम ने बताया कि दीपक की भी हालत गंभीर बनी है। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था, वे बार-बार यही कह रहे थे कि अब परिवार का क्या होगा।
पुलिस सीसीटीवी की कर रही जांच
एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। हादसे के समय कौन-कौन वाहन निकले इसका पता लगाया जा रहा है।