मेरठ। मोहकमपुर में मंगलवार को रोटरी इंटरनेशनल की ओर से पत्रकार वार्ता हुई। इसमें रीजनल कोर्डिनेटर प्रणय गुप्ता ने बताया कि अंगदान महादान जागरूकता रैली 25 अगस्त को निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि रैली सुबह साढ़े सात बजे कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू होगी, जिसे जिलाधिकारी डा. वीके सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीषा शारदा ने बताया कि रैली में करीब 20 विद्यालयों के 400 विद्यार्थी के अलावा इनरव्हील क्लब से 100 महिलाएं और रोटरी क्लब के 200 लोग भाग लेंगे। रैली की समाप्ति बच्चा पार्क स्थित आइएमए हॉल में होगी। यहीं सभा होगी जिसमें विद्यार्थी अंगदान पर प्रस्तुति देंगे। डाॅ. संदीप गर्ग, रोटरी क्लब के सीए नितिन अग्रवाल, नेशनल हेड राजेश मित्तल भी अंगदान की महत्ता बताएंगे। इस मौके पर तनुज गुप्ता, संजीव मोहन, संजय अग्रवाल, विवेक गर्ग, गौरव बंसल, समीर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।