गोकश शमरेज को रिमांड पर लेकर तमंचा बरामद किया
सरूरपुर (मेरठ)। थाना पुलिस ने जेल में बंद शातिर गोकश शमरेज उर्फ शाहनवाज को छह घंटे के रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मुठभेड़ में फरार होते समय छिपाया गया तमंचा भी पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया। पुलिस ने रिमांड का समय पूरा होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि 18 व 19 अगस्त पर जन्माष्टमी के दौरान क्षेत्र के जसड़ सुल्तान नगर व कस्बा हर्रा के जंगल में गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। जिसमें शमरेज उर्फ शाहनवाज निवासी नंगला, थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर का नाम प्रकाश में आया था। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने शमरेज पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। शुक्रवार को थाना पुलिस ने आरोपी को छह घंटे के रिमांड पर लिया और थाने लाकर पूछताछ की। 5 सितंबर को मेरठ-करनाल हाईवे स्थित गोटका गांव के जंगल में हुई थाना पुलिस और सर्विलांस टीम के साथ हुई गोकशों की मुठभेड़ में फायरिंग करने वाला तमंचा आरोपी ने बरामद कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने गोकशी की कई घटनाओं में शामिल होना कबूल किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।