सरूरपुर। मेरठ बड़ौत मार्ग में कार में लगी आग। ग्रामीण
सरूरपुर (मेरठ)। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर कस्बा खिवाई के पास सोमवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर नष्ट हो गई। कार चालक अजीत निवासी गांव अंछाड़ जनपद बागपत किसी काम से मेरठ जा रहा था। जैसे ही वह कस्बा खिवाई के पास पहुंचा तो तभी अचानक कार से धुआं उठने लगा। इसके बाद कुछ ही क्षणों में आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।