मवाना। मोहल्ला मुन्नालाल स्थित ऐतिहासिक जाहरवीर गोगा माड़ी पर शुक्रवार को पारंपरिक छड़ियों के मेले का आयोजन किया गया। रक्षाबंधन से पूर्व प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर निशान और प्रसाद चढ़ाया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता की मनौती मांगी। मेले के दौरान माड़ी परिसर जाहरवीर दीवान के जयकारों से गूंज उठा। माड़ी के महंत विजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस दरबार की वर्षों पुरानी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत अवश्य पूरी होती है। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी रहा।