मवाना। भगवान श्री रामलीला कमेटी द्वारा नगर पालिका के निकट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित की श्रीराम लीला में बुधवार की रात श्रद्धालुओं और दर्शकों का भारी सैलाब उमड़ा। मंचन के दौरान कलाकारों द्वारा तपस्या, वरदान प्राप्ति और महाराजा दशरथ के घर ज्येष्ठ पुत्र भगवान श्रीराम के अवतार की लीला का अत्यंत मनमोहक व जीवंत मंचन किया गया। लीला का शुभारंभ मुनियों व ऋषियों की कठोर तपस्या के दृश्य से हुआ, जिनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें दर्शन दिए और मनवांछित वरदान प्रदान किया। इसके उपरांत अयोध्यापति महाराजा दशरथ द्वारा पुत्र प्राप्ति के लिए कराए गए पुत्र कामेष्टि यज्ञ का दृश्य दिखाया गया। यज्ञ पूर्ण होते ही कौशल्या नंदन प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ। संपूर्ण रामलीला परिसर जय श्रीराम और भए प्रकट कृपाला के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। कलाकारों के उत्कृष्ट संवाद, आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण अभिनय ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने आरती उतारकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।