जलालपुर में मूक-बधिर युवक की पीट-पीटकर हत्या, आंख भी फोड़ी
मेरठ/लावड़। जलालपुर गांव में अनुसूचित जाति के मूक-बधिर विजेंद्र कुमार (30) पुत्र ब्रजपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप कि गांव के ही सोनू गुर्जर और उसके भाई सचिन समेत तीन युवकों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने विजेंद्र की आंख तक फोड़ डाली। पीड़ित परिवार ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। संघर्ष होने की आशंका में गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस का दावा है कि मजदूरी के पैसे मांगने पर आरोपियों ने हत्या की है।
इंचौली थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मूक-बधिर विजेंद्र कुमार के बड़े भाई जॉनी और दो छोटे भाई नरेंद्र, राजू हैं। विजेंद्र गांव के ही मलक सिंह गुर्जर के खेतों में मजदूरी करता था। मलक सिंह के बेटे सोनू व सचिन मवाना रोड स्थित एक पेपर मिल में ठेकेदारी करते हैं। उनके साथ विजेंद्र भी पेपर मिल में 12 हजार रुपये की नौकरी करता था। सोमवार को विजेंद्र घर से पटाखे लेने के लिए रात 9 बजे निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात में ढाई बजे तक विजेंद्र की तलाश की। मंगलवार सुबह एक दूधिया ने पीड़ित परिवार को जानकारी दी कि गांव के मदन सिंह गुर्जर के घेर में विजेंद्र खून से लथपथ पड़ा है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो विजेंद्र की सांस चल रही थी। परिवार के लोग उसे मेरठ में निजी अस्पताल लेकर जाने लगे। रास्ते में विजेंद्र ने दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों ने समाज के लोगों के साथ इंचौली थाने पर हंगामा किया। हत्या की जानकारी पर एसपी देहात केशव कुमार और सीओ सदर देहात पूनम सिरोही ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके से शराब की बोतल मिलीं। पीड़ित परिवार ने मलक सिंह गुर्जर के बेटे सोनू, सचिन और सोनू पुत्र सुभाष को नामजद कर तहरीर दी।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शाम को शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो पीड़ित परिवार ने गांव के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। इंचौली समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद पीड़ित परिवार ने शव का अंतिम संस्कार किया। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि विजेंद्र और नामजद आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर निकाली जा रही है। हत्या का कारण प्राथमिक जांच में लेनदेन आया है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है।