मेरठ। इंस्टाग्राम पर रील्स लाइक कर रुपये कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने महिला से 98 हजार रुपये ठग लिए। महिला ने ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंदिरा नगर निवासी आकांक्षा कंसल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि इंस्टाग्राम पर कुछ लोगों से उनकी बात हुई। इन लोगों ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया। घर बैठे रुपये कमाने का झांसा दिया। इसके बाद टेलीग्राम पर कुछ टास्क दिए।
उन्हें बताया गया कि इंस्टाग्राम पर रील्स लाइक करने पर रुपये मिलेंगे। रील्स लाइक करने के बाद उनके स्क्रीनशॉट भेजने के लिए कहा गया। साइबर अपराधियों ने उन्हें झांसे में लेकर अपने बैंक खातों में 98 हजार रुपये कई बार में ट्रांसफर करा लिए। महिला से कहा गया कि रील्स लाइक कर कमाए गए रुपये तभी मिलेंगे, जब आप हमें रुपये भेजोगी। इन लोगों ने इंस्टाग्राम पर अपना मोबाइल नंबर भी छिपा रखा है। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।