जीवों के मददगारों का सम्मान
मेरठ। एनिमल केयर सोसायटी के दस वर्ष पूरे होने पर शनिवार को दिल्ली रोड स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पशु-पक्षियों की मदद करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। एक डॉग शो का भी आयोजन किया गया। जिसमें डॉग रूबी ने शानदार करतब दिखाए। एनिमल केयर सोसायटी की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी रहे। इस मौके पर पशुओं और पक्षियों की जान बचाने पर सदर पुलिस, लालकुर्ती और सिविल लाइन थाना पुलिस को सम्मानित किया गया। कई पक्षियों की जान बचाने के लिए फायर ब्रिगेड विभाग के लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूजा शास्त्रीय संगीत विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। अनादि शर्मा के बैंड ग्रुप ने भी प्रस्तुति दी। अनिल कौशिक ने पशुओं पर मार्मिक गीत सुनाया। इस मौके पर संस्था के सचिव अंशु माली वशिष्ठ, अपर नगर आयुक्त अली हसन कर्नी, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. नागेंद्र सिंह, डॉ. नीरज, डॉ. स्वीटी वशिष्ठ, लावण्या, अभिषेक, विदूषी आदि मौजूद रहे।