मेरठ। खादी ग्रामोद्योग केंद्राें को अब खराब स्थिति से उबारा जाएगा। इसके लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से वार्ता करते हुए पुनर्जीवन पैकेज दिलाने का पुरजोर प्रयास होगा। यह बात मंगलवार को गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम पहुंच कर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कही। गांधी आश्रम के सचिव पृथ्वी सिंह ने बताया कि गांधी आश्रम परिसर करीब एक लाख वर्ग गज में है। जिसमें तीन हजार वर्ग गज में निर्माण है। यह बजट के अभाव में जर्जर होता जा रहा है। वाजपेयी ने कहा कि पूर्व के अनुदान माफ और नए ऋण की व्यवस्था की मांग केंद्र और प्रदेश सरकार से की जाएगी। उन्होंने गांधी आश्रम के लखनऊ स्थित जोनल आफिस में भी ब्रजभूषण पांडे से वार्ता की। तय हुआ कि अगले सप्ताह ही तकनीकी टीम से आंकलन कराकर अनुमानित बजट सहित प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। वाजपेयी ने कहा कि अब खादी ग्रामोद्योग के बिक्री केंद्र गांवों में भी स्थापित किए जाएंगे। प्रबंधक वीएस रावत, संजीव सिंह, अशोक पांडे, जयकिशन शर्मा, धीरेंद्र रावत, शिवानंद राय आदि मौजूद रहे।