लिसाड़ीगेट में दीवार गिरी, मजदूर की मौत
मेरठ। लिसाड़ीगेट की लक्खीपुरा गली नंबर 26 निवासी निजामुद्दीन (40) सोमवार दोपहर गली नंबर 27 में मोहम्मद जरीस के मकान में दीवार से खिड़की निकाल रहा था। उस दौरान बारिश भी हो रही थी। इस बीच अचानक दीवार गिर गई और निजामुद्दीन उसके नीचे दब गया। यह देख मकान मालिक और आसपास के लोगों ने घायल को युग हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां शाम को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट रघुराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर दिया। वहीं परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। सीओ का कहना है कि दीवार बारिश के कारण की गिरी है या खिड़की निकालते समय गिरी, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों के कहने पर शव को बिना पोस्टमार्टम कराए उन्हें सौंप दिया। निजामुद्दीन के दो बेेटी और तीन बेटे हैं।