मोदीपुरम- पशु चिकित्सा शिविर में मौजूद चिकित्सक।
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के पशु चिकित्सा वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के सहयोग से दतियाना गांव में निशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शुभारंभ मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने किया। शिविर में 73 पशुओं की जांच कर उन्हें बीमारियों से बचाने की सलाह पशुपालकों को दी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि बदलते मौसम में पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। इसलिए पशुओं का टीकाकरण व उपचार कराते रहें। गलघोंटू रोग का टीकाकरण भी किया गया। परियोजना प्रभारी डॉ. अमित वर्मा ने जानकारी दी कि बरसाती मौसम में परजीवी संक्रमण जैसे पेट के कीड़े, किलनी आदि तेजी से फैलते हैं। इससे पशुओं में दूध उत्पादन में कमी, कमजोरी, वजन घटने जैसी स्थिति बन सकती है। पशुपालकों को सलाह दी कि हर तीन माह में कीड़ों की दवा अवश्य दें। इस दौरान डॉ. नीलम सचान, हरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद