मेरठ। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए सभी नहरों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए। जनता की समस्याओं का समय से निस्तारण करें। किसानों की शिकायत आयी तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सिंचाई विभाग के सभागार में रविवार को विभागीय बैठक में उन्होंने सरकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि जल उपभोक्ता समिति का गठन करने के लिए शीघ्र ही मतदाता सूची का कार्य पूर्ण किया जाए। हर कीमत पर समिति का चुनाव दिसंबर माह में होना है। मंत्री ने कहा कि नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए पुनर्जीवीनीकरण एवं संरक्षण प्रकोष्ठ का गठन होगा। कहा कि बरसात में बाढ़ से क्षति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार मिश्रा से गंगा नदी के होने वाले कटान की रोकथाम के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता एचएन सिंह ने मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी बाढ़ कंट्रोल रूम की स्थिति प्रस्तुत की।