मेरठ। नगर निगम ठेकेदारों ने निगम के एक अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को एक रेस्टोरेंट में मेरठ कांट्रेक्टर व्यापार संघ नगर निगम की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष महेश बाली ने आरोप लगाया कि निगम का एक अधिकारी अपनी तैनाती से ही ठेकेदारों से भारी कमीशन मांगकर उत्पीड़न कर रहा है। जो कार्य पूरे हो चुके हैं और उनके बिल भी बन गए हैं, उन कार्यों का निरीक्षण कर वसूली का दबाव बना रहा है। ठेकेदारों ने अधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास करते हुए इसकी शिकायत नगर आयुक्त से करने का फैसला किया। बैठक में दस लाख तक के कार्य शासनादेश के मुताबिक मैनुअल कराने और अर्नेस्ट मनी की एफडीआर कराने आदि की मांग की गई। बैठक का संचालन मुनीष उपाध्याय ने किया। इस मौके पर विपिन त्यागी, सुधीर कुमार गुप्ता, जगदीश जुनेजा, लियाकत अली खान, योगेंद्र पाल गुप्ता, आशीष प्रताप सिंह, अखिलेश शास्त्री, ब्रजेश कुमार गुप्ता, नरेश अरोरा, विनय शर्मा, स. अजीत सिंह, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।