हरिद्वार चिंतन शिविर में बनेगी किसान आंदोलन की रणनीति
मेरठ। आगामी 16 से 18 जून तक हरिद्वार में होने जा रहे भाकियू के किसान चिंतन शिविर में किसान आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि हरिद्वार में गंगा स्थित चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत घाट पर 16 से 18 जून तक तीन दिवसीय किसान चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें यूपी समेत देश के कई राज्यों के किसान शामिल होंगे। टिकैत ने कहा कि सरकारें किसानों का उत्पीड़न करने में लगी है। न तो घोषणा के बाद किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ किया गया और न ही उनकी फसल का लागत से डेढ़ गुणा एमएसपी दिया गया। दिनों-दिन घाटे की खेती से परेशान किसान आत्महत्या कर रहा है और उसका परिवार खेती छोड़कर मजदूरी करने को मजबूर हो रहा है। शिविर में तीन दिन इन सभी चुनौतियों पर विचार विमर्श किया जाएगा और समापन अवसर पर आंदोलन की रणनीति बनाकर इसकी घोषणा की जाएगी।