मांग पूरी नहीं होने पर 06 को जल समाधि लेंगे किसान
मेरठ। तेज वर्षा में भी गन्ना किसान अपनी मांग को लेकर चौ. चरण सिंह पार्क कमिश्नरी पर डटे रहे। गन्ना भुगतान की मांग को लेकर पार्क में अजगर किसान मजदूर संगठन के बैनर तले 16 अगस्त से प्रारंभ धरना मंगलवार को 13 वें दिन एवं क्रमिक अनशन जारी रहा। धरने पर प्रशासन का कोई भी सक्षम अधिकारी व सत्ता पक्ष का कोई जन प्रतिनिधि आंदोलित किसानों को हाल जानने के लिए धरनास्थल पर नहीं गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. महक सिंह और प्रदेश अध्यक्ष जिले सिंह ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर गन्ना भुगतान की झूठी घोषणा किए जाने का आरोप लगाया। धरने के 13 वें दिन किसान सुरेश डूंगर, लाला भदौड़ा एवं भारतीय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक हरबीर सिंह निलौहा क्रमिक अनशन पर रहे। इसी क्रम में मांग पूरी नहीं होने पर किसान 06 को जल समाधि लेंगे। धरने की अध्यक्षता सतीश चेयरमैन व संचालन जिले सिंह ने किया। इस दौरान कुलदीप त्यागी, सुरेंद्र, प्रमोद, ओम प्रकाश, इलमसिंह, सहंसरपाल, सतेन्द्र, मंजूर खां, शिवचरण आदि रहे।