कैंप में कैडेट्स ने बाधाएं पार करने का लिया प्रशिक्षण
गंगानगर। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में चल रहे थल सैनिक कैंप के छठे दिन कैडेट्स ने ऑब्सटिकल (बाधा) प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसमें कैडेट्स ने अपनी रायफल, बैग व अन्य सामान के साथ करीब 10 प्रकार की बाधाएं पार की। ऑफिसर इंचार्ज कर्नल एबरोल ने प्रतियोगिता अपनी टीम के साथ कराई। बताया कि ऑब्सटिकल कैडेट्स को साहस प्रदान करती है। युद्ध के समय पड़ने वाली नदी, नाले दुश्मन द्वारा बनाई गई बनावटी बाधाओं को पार करना सैनिक के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। ऑफिसर इंचार्ज फायरिंग कर्नल संजय नागी ने सीनियर डिविजन के कैडेट्स के बीच फायरिंग प्रतियोगिता कराई। इसमें स्नैप शूटिंग, एप्लीकेशन एवं ग्रुपिंग तीन प्रकार की फायर .22 रायफल से कराई गई। कैंप कमांडेंट ले. कर्नल बोरो ने कहा कि जवान की हथियार पर मजबूत पकड़, सही निशाना ही दुश्मन को नेस्तनाबूत करती है। यही प्रेक्ट्सि कैडेट्स को आगे चलकर भारतीय सेना में मदद करती है। कमांडर गाजियाबाद ब्रिगेडियर एसपी सिन्हा ने कैंप का दौरा किया और कैडेट्स के अच्छे प्रदर्शन करने पर बधाई दी। मेरठ ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर मुकुल भंडारी ने ऑफिसर इंचार्ज व प्रशिक्षण टीम के सदस्यों को यूपी निदेशालय की टीम में चयन के लिए पारदर्शिता बरतने के आदेश दिए। ले. कर्नल अनिल कुमार, मेजर सुनील कुमार शर्मा, संजीव, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, डॉ. जितेंद्र कुशवाहा, सूबेदार मुकेश संजय, तेजप्रताप, हवलदार प्रताप, राकेश, देवेंद्र, विजय, उपेंद्र व लोकेश आदि मौजूद रहे।