मेरठ। यूपी में दिए गए ओबीसी के आरक्षण को बचाने और बाकी प्रदेशों व केंद्र में आरक्षण पाने के लिए जाट समाज लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। यह बातें जाट कल्याण संस्था के अध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने संस्था के रोहटा रोड कार्यालय पर वार्षिक अधिवेशन की तैयारी बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए गए केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी प्रदेश सरकार से जाटों को प्रदेश में दिए जा रहे ओबीसी के आरक्षण पर जवाब मांगा है। प्रदेश में जाटों को पिछले 17 सालों से आरक्षण मिल रहा है। पूरे देश में जाटों के समकक्ष जातियों को केंद्र व राज्य का आरक्षण दिया जा रहा है। जाट राज्य में तो ओबीसी माना जाता है लेकिन केंद्र में जाते ही अगड़ा हो जाता है। यह दोहरी न्याय प्रणाली नहीं चलेगी। बैठक में अगस्त महीने में संस्था का अधिवेशन कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही सदस्यों की सहमति पर पुरानी कार्यकारिणी को बरकरार रखा गया। इस मौके पर संस्था महासचिव सीबी वर्मा, इंद्रपाल सिंह, अशोक चौधरी, अजित सिंह, राजवीर सिंह, कृष्णपाल, मास्टर ओमपाल सिंह, राजेंद्र सिंह मौजूद रहे।