गंगानगर/मेरठ। गंगानगर पुलिस ने शुक्रवार रात मेडिकल स्टोर और सीएनजी पंप पर हुई लूट के खुलासे के बाद रविवार को तीन आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस ने शनिवार को हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था। तीन के पैर में गोली लगने के बाद मेडिकल में भर्ती कराया गया था। इनमें सतेंद्र फौजी पुत्र सुखबीर निवासी बुलंदशहर, भोलू उर्फ रामगोपाल पुत्र जीत सिंह निवासी बड़ला मुंडाली, इरशाद पुत्र इस्लाम निवासी गौतमबुद्धनगर शामिल थे। इस दौरान बचकर भाग रहे प्रदीप पुत्र सतपाल निवासी बुलंदशहर को भी गिरफ्तार किया था। रविवार शाम गंगानगर पुलिस ने सतेंद्र, रामगोपाल व प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। इरशाद अभी मेडिकल में भर्ती है। एसओ गंगानगर रवि चंद्रवाल ने बताया कि बदमाशों से लूट में प्रयुक्त दो अपाचे बाइक, चार तमंचे, 9 कारतूस, लूटी हुई 75,000 के करीब रकम व लगभग दस हजार की ज्वैलरी बरामद हुई है। आरोपियों के क्रिमिनल रिकार्ड की जांच की जा रही है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर निवासी प्रदीप पर लूटपाट संबंधित आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गंगानगर थाने के प्रभारी आईपीएस कुलदीप गुनावंत का कहना है कि जिस घायल का इलाज जल रहा है, मेडिकल से रिलीव होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।