रेप के आरोपियों को फांसी देने की मांग
मेरठ। मध्यप्रदेश के मंदसौर में मासूम बच्ची के साथ दुराचार के मामले को लेकर सोमवार को हिन्दुस्तानी युवा एकता संगठन के लोगों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इससे पहले सभी प्रदर्शनकारी कमिश्नरी चौराहे पर एकत्र हुए और यहां से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान संगठन के तरूण कंसल ने कहा कि 07 वर्षीय बच्ची के साथ किए गए रेप की शर्मनाक घटना के आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए देश के प्रधानमंत्री से आरोपियों को फांसी दिलाए जाने की मांग की है। इस संबंध में एक ज्ञापन भी जिला प्रशासन को सौंपा गया। इस दौरान संगठन के ललित भारद्वाज, साहिल शर्मा, हिमांशु, आरिफ सैफी सहित महिलाएं मौजूद रहीं।