कड़ी सुरक्षा में हुई जुमा अलविदा की नमाज
मेरठ। शहर में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जुमा अलविदा की नमाज पढ़ी गई। शहर की 17 मस्जिदों में सुरक्षा के खास इंतजाम रहे। हापुड़ अड्डा चौराहा, घंटाघर, बुढ़ाना गेट इंदिरा चौक और गोला कुआं क्षेत्र में सबसे ज्यादा कड़ी सुरक्षा रही। हापुड़ अड्डे पर इमलियान मस्जिद में नमाजी अधिक होने की वजह से सड़क पर भी नमाज पढ़ी गई। जामा मस्जिद, फैज-ए-आम कॉलेज, शाहपीर गेट, कसाई मोहल्ला मस्जिद, हौज मस्जिद, अख्तर मस्जिद पटेल नगर, पूर्वा फैय्याज अली, सोतीगंज, केसरगंज, मलियाना, बागपत गेट पर भी सुरक्षा के इंतजाम रहे। दो कंपनी पीएसी, 16 थानेदार के अलावा महिला सिपाही भी तैनात की गई थीं। एसपी सिटी रणविजय सिंह के अलावा संबंधित सीओ और थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों की बड़ी मस्जिदों पर तैनात रहे। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने 12 बजे से शहर के कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन कर दिया था। इस दौरान जानकारी के अभाव में काफी लोगों को इससे परेशानी भी हुई।