घरों में करंट दौड़ा, विद्युत उपकरण फुंके
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र स्थित शताब्दीनगर सेक्टर 4 सी ई-कॉलोनी में करीब चार दिन पहले बारिश के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया था। सोमवार सुबह लाइन के तार घरों से टच हो गए, जिससे कई घरों में करंट उतर गया और टीवी, फ्रीज, इनवर्टर, सबमर्सिबल, पंखे, फोन व अन्य बिजली के उपकरण फुंक गये। इसके अलावा कई लोग भी करंट की चपेट में आ गए। वहीं श्रीपाल की एक भैंस की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोग कताई मिल बिजली घर पहुंचे और हंगामा कर दिया। लोगों की कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। लोगों का कहना था कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण ये सब हुआ है। कई बार शिकायत की, लेकिन लाइन ठीक नहीं की गई। कॉलोनी वासी गौरव ने बताया कि कॉलोनी में बिजली के खंभे भी टूटे पड़े हैं। लोगों ने जेई के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।