मेरठ। नगर निगम ने ईद-उल-फितर के अवसर पर शाही ईदगाह सहित सभी मस्जिदों और आसपास विशेष सफाई व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। मुस्लिम इलाकों में रविवार शाम तक सफाई करायी गई। वहीं, सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि रविवार की मध्य रात्रि से सोमवार सुबह पांच बजे तक भी सफाई होनी चाहिए। ईदगाह और सभी मस्जिदों के आसपास सफाई के साथ चूना पट्टी, पानी से छिड़काव और रंगोली सजाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुंवरसेन का कहना है कि ईद पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है। सफाई के लिए अलग से गैंग बनाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कर्मचारी पहुंचें। शाही ईदगाह पर नमाज से पहले फिर से सफाई करायी जाएगी। नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान के अनुसार सफाई के अलावा पथ प्रकाश, पानी की व्यवस्था सुचारु रखने निर्देश दिए गए हैं। अगर कहीं लापरवाही पायी गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ब्यूरो