शुक्रवार को बैंक मैनेजर ने ब्रह्मपुरी और देहलीगेट थाने में तहरीर दी। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया कि हेड कैशियर ने फर्जी चेक पर खाताधारक के फर्जी हस्ताक्षर कर रुपया निकाला गया है। इस गबन करने में हेड कैशियर के साथ कौन कर्मचारी है, इसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। इस संबंध में बैंक अधिकारी और कर्मचारियों से पुलिस अभी जानकारी जुटाने में लगी है।
बैंक मैनेजर पुनीत जग्गी ने बताया कि बैंक कैशियर हिमांशु वर्मा जागृति विहार सेक्टर-3 के निवासी हैं। उन्होंने 13 सितंबर 2019 को इंडियन बैंक में ज्वाइनिंग की थी। तीन जनवरी 2023 को अधिकारियों ने उनको निलंबित किया है। सवा तीन साल के कार्यकाल में बैंक का इतना पैसा गबन हुआ है, अब इसका भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जाएगी।
40 लाख रुपये के गबन का मामला थाने में पहुंचा है। बैंक के हेड कैशियर के खिलाफ शिकायत पत्र मिला है। बैंक अपने कर्मचारी की जांच करके उसको निलंबित कर चुका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर कार्रवाई करेंगी। इस मामले में जो भी आरोपी होंगे, उनको नामजद किया जाएगा। -रोहित सिंह सजवाण