अंदावली गांव में चिकित्सा शिविर का शुभारंभ करते हुए
लावड़। अंदावली गांव में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर एवं मेले का आयोजन हुआ। पशु चिकित्सालय विभाग लावड़ ने यह शिविर लगाया। बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। पशु चिकित्सकों ने पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, रखरखाव और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच कर उपचार किया। शिविर में कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण और कृमिनाशक दवाओं का सेवन कराने सहित कई सुविधाएं मिलीं। कुल 387 पशुओं का उपचार किया गया। ग्राम प्रधान अंदावली जगत सिंह मुख्य अतिथि रहे। पशु चिकित्सा अधिकारी लावड़ डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने शिविर का संचालन किया। इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी फलावदा डॉ. इंद्रजीत सहित कई लोग उपस्थित थे।