माछरा। ब्लॉक माछरा के गांव नंगली अब्दुल्ला में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर मेला लगा। ग्राम प्रधान मोहिनी प्रतिभा त्यागी ने गो पूजन कर इसका शुभारंभ किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पवित्रजीत के नेतृत्व में यह शिविर आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कुल 343 छोटे-बड़े पशुओं का उपचार कर दवाइयां वितरित की गईं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह ने ग्रामीणों को उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं के बेहतर रखरखाव, टीकाकरण, संतुलित आहार और बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। डॉ. अमरदीप सिंह ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। पशुपालक योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। वेटनरी फार्मासिस्ट धर्म सिंह, हीरालाल और हरवीर सिंह ने कार्यक्रम संचालन में सहयोग किया।