332 धनुर्धर आज से लगाएंगे निशाना
मेरठ। लोहिया नगर स्थित सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार से सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 की तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू होगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ एडीजी प्रशांत कुमार और यूपी तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय गुप्ता करेंगे। इस प्रतियोगिता में एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड की 28 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें सीबीएसई के स्कूलों को न्योता भेजा गया था। सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर अनुज शर्मा ने बताया कि 11,12 और 13 अक्तूबर को होने वाले इस आयोजन में 332 धनुर्धर हिस्सा ले रहें है। इसमें 212 लड़के और 120 लड़कियां हैं। इसमें इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड इवेंट होंगे। स्कूल की प्रधानाचार्या रश्मि मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों के रुकने की व्यवस्था स्कूल परिसर में ही की गई है।