मेरठ। दीवान पब्लिक स्कूल कैंट में बुधवार को बारहवीं के छात्रों का विदाई समारोह हुआ। शुभारंभ प्रिंसिपल एचएम राउत ने किया। 11वीं के छात्रों ने सीनियर्स का स्वागत किया। सभी विद्यार्थियों ने हवन किया। इस अवसर पर मध्यम वर्ग व कक्षा तीन के छात्रों ने मनमोहक नृत्य किया। कक्षा 11 के छात्रों द्वारा गाए गीतों ने तथा विद्यालय अध्यापिकाओं द्वारा किए गए नृत्य ने अन्य छात्रों को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। तत्पश्चात कक्षा 12 की हेड गर्ल व हेड ब्वॉय ने प्रधानाचार्य व शिक्षकाें को संबोधित कर सभी छात्रों की ओर से उनके अथक परिश्रम व समर्पण भाव के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं को संपूर्ण दीवान परिवार एवं शिक्षकों की ओर से बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।