समस्याओं के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र
कंकरखेड़ा। रोहटा रोड की जर्जर हालत को लेकर बृहस्पतिवार को छात्रों ने रैली निकाली। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
पिछले करीब एक साल से रोहटा रोड जर्जर हालत में है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि लोगों का सड़क से गुजरना दूभर हो चुका है। एक साल से लोग रोहटा रोड की जर्जर हालत व जल निकासी के लिए नाला निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन-शासन आंखें मूंद कर बैठा हुआ है। बृहस्पतिवार को रोहटा बाईपास स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रधानाचार्या प्रशंसा बाली के नेतृत्व में सड़क की जर्जर हालत को लेकर रैली निकाली। रैली स्कूल से शुरू होकर शोभापुर फ्लाईओवर तक आई और वापस स्कूल पर जाकर ही संपन्न हुई। छात्रों ने कहा कि वे पिछले एक साल से सड़क की जर्जर हालत होने की वजह से कीचड़ व जलभराव का सामना कर रहे हैं। आएं दिन सड़क पर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्कूल के शिक्षक जितेंद्र वामदेव, मृणालिनी शर्मा, ऊषा राणा, राजीव शर्मा, मनोहर वर्मा आदि मौजूद रहे।