पैरा मेडिकल डॉक्टर हड़ताल पर, अल्टीमेटम
मेरठ। डॉ. चंद्रप्रकाश को गोली मारने की घटना पर आक्रोश जताते हुए पैरा मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सक और स्टाफ ने हड़ताल की घोषणा कर दी।
चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार सुबह तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर ओपीडी नहीं चलेंगी। सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं और पोस्टमार्टम में ही चिकित्सक तैनात रहेंगे। सीएचसी और पीएचसी के अलावा पैरा मेडिकल स्टाफ जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और महिला जिला चिकित्सालय में भी है। इनसे इन स्वास्थ्य चिकित्सालयों में भी कार्य प्रभावित होगा। पैरा मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉ. विश्वास चौधरी ने हड़ताल की घोषणा करते हुए बताया कि पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी करने की चेतावनी दी गई है। अगर 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो इमरजेंसी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी और यह हड़ताल प्रदेश स्तर पर होगी।
खास बातें:
- सीएचसी-पीएचसी पर आज नहीं लगेंगी ओपीडी, सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चलेंगी
- 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो इमरजेंसी सेवाएं भी रखेंगे बंद