मेरठ। कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर सपा पदाधिकारियों ने सोमवार शाम जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें यह भी मांग की गई है कि दो अप्रैल को हुए उपद्रव में किसी निर्दोष का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। सपाइयों ने कहा कि जिले में संगीन घटनाएं बढ़ रही हैं। 13 अप्रैल को किठौर नई बस्ती में व्यापारी शकील के घर डकैती पड़ी। मौके पर पुलिस लगभग चार घंटे बाद पहुंची। इस मामले में अभी तक कार्रवाई शून्य है। आठ अप्रैल को किला परीक्षितगढ़ में नवविवाहिता का अपहरण कर लिया गया। क्षेत्र में तनाव है। विवाहिता को अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, पूर्व राज्यमंत्री ताराचंद शात्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक रफीक अंसारी आदि मौजूद रहे।