मेरठ। कांग्रेस से महापौर पद की प्रत्याशी ममता सूद के पक्ष में शनिवार को कांग्रेसी दिग्गजों ने महानगर में रोड शो निकाला। ममता सूद, कांग्रेस नेत्री नगमा, पूर्व विधायक पं. जयनारायण शर्मा सहित कांग्रेस के सभी नेता रथ पर सवार होकर प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगते नजर आए। रोड शो के दौरान शहर में जगह-जगह जाम लग गया। रोड शो जिमखाना मैदान से प्रारंभ होकर इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, गोला कुआं, लिसाड़ी गेट, भूमिया पुल, शास्त्रीनगर पीवीएस मॉल, सूरजकुंड, गंगानगर, पल्लवपुरम, कंकरखेड़ा सहित शहर के सभी इलाकों में निकाला गया। इस दौरान राज्य सभा सांसद संजय सिंह, नगमा और पूर्व विधायक सतीश अजमानी आदि ने नुक्कड़ सभाएं संबोधित कीं। जिलाध्यक्ष विनोद मोघा, शहर अध्यक्ष किशन कुमार किशनी, डॉ. यूसुफ कुरैशी, दीपक शर्मा, हरिकिशन वर्मा आदि मौजूद रहे।