कंकरखेड़ा। रोहटा रोड पर ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार सिंभावली हापुड़ निवासी जय भगवान पुत्र बृजपाल सिंह के बिनौली बागपत निवासी रिश्तेदार की मौत हो गई थी। जहां शोक जताने के लिए जय भगवान पत्नी राजकुमारी (30) और साले अमरदीप के साथ मंगलवार को गया था। बुधवार दोपहर तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। रोहटा रोड स्थित लखवाया गांव के पास सामने से आ रहे दस टायरा ट्रक ने बाइक में टक्कर दे मारी। तीनों बाइक से गिरे तो ट्रक राजकुमारी को कुचलता हुआ निकल गया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा पीपी सिंह के अनुसार दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।