मेरठ। गाजियाबाद में 18 और 21 सितंबर को आयोजित 63वीं स्कूली राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में मेरठ के बाक्सिंग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ से छात्रावास एवं स्थानीय खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य के कुल 21 पदक बाक्सिंग में हासिल किए। शुक्रवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पदक विजेताओं का खेल विभाग अधिकारियों ने स्वागत किया। अंकित चौहान, विपिन कनौजिया, सचिन चौधरी, जावेद, आदित्य यादव, अभिनव राय, मयंक, विनय वेद, कुलदीप सोनकर, मंजीत, अंश शर्मा, शुभम रावत, हर्ष पंवार ने स्वर्ण पदक, सतीश कुमार, शिवम मावी, संदीप सोनकर ने रजत पदक, हिमांशु चौधरी, कपिल गुर्जर, शरद विठल, आशीष शर्मा, सिद्धार्थ चौधरी को कांस्य पदक जीतने पर स्टेडियम में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर, पूर्व उप क्रीड़ा अधिकारी सतीश चंद शर्मा, प्रशिक्षक एवं खेल विभाग अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, जयप्रकाश यादव, वैशाली सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामना दी।