खरखौदा के गांव कैली में हैल्थ शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सक(आयोजक)
खरखौदा। गांव कैली में चीनू त्यागी के आवास पर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौल एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अमरपुर के सौजन्य से हेल्थ आउटरीच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से ग्रसित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेदिक उपचार और औषधियों के प्रति जानकारी दी। जरूरत के अनुसार मरीजों को आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविर में कैली और आसपास के गांवों से पहुंचे करीब 250 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सक डॉ. राहुल त्यागी और डॉ. सुनील देशवाल ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में खुशीराम सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान भाजपा के जिला सोशल मीडिया संयोजक जितेंद्र त्यागी, पंकज त्यागी, सतेंद्र, विजय त्यागी समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।