मोदीपुरम। जुलाई के 10 दिन में ही रिकॉर्ड 247.9 मिमी बारिश हो चुकी है। जुलाई के 20 दिन अभी बचे हैं और 19 जुलाई तक मौसम वैज्ञानिक बारिश के आसार जता रहे हैं।
सोमवार सुबह मौसम साफ रहा। सुबह से ही हल्की धूप रही। दोपहर बाद तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई और पारा 5.2 डिग्री बढ़कर 33 डिग्री पर पहुंच गया। दोपहर बाद अचानक मौसम ने फिर से करवट बदली और आसमान में काले बादल छाने से दिन में अंधेरा छा गया। शहर से लेकर देहात तक झमाझम बारिश हुई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि अभी 48 घंटे तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को 77.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर की हवा में भी बारिश के चलते सुधार चल रहा है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 62 दर्ज किया गया। संवाद