सरधना। नगर पंचायत खिवाई की बोर्ड बैठक में हंगामे के बीच सर्वसम्मित से 2.30 करोड़ के प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में एक भी महिला सभासद के नहीं पहुंचने पर ईओ सुरेंद्र मिश्रा ने इसका विरोध किया। कोरम पूरा करने के लिए महिला सभासदों को बुलाया गया तब बैठक की कार्रवाई शुरू की गई।
मंगलवार को नगर पंचायत खिवाई की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला सभासदों के पतियों के पहुंचने का ईओ ने विरोध किया। उन्होंने बताया कि बैठक में दो तिहाई सभासदों का मौजूद रहना अनिवार्य है। इनके बिना बैठक की कार्रवाई शुरू नहीं की जा सकती। कोरम पूरा नहीं होने के चलते बाद में महिला सभासदों को बुलाया गया। इसके बाद ईओ ने महिला सभासदों के पति को बाहर जाने के लिए कहा। अन्य सभासदों ने भी इसका समर्थन किया। उन्होंने बैठक में केवल सभासदों की ही उपस्थिति की बात कही। इस पर बैठक में हंगामा हो गया और महिला सभासदों के पति बाहर नहीं जाने की जिद पर अड़े रहे। हंगामे को देखते हुए विधायक गुलाम मोहम्मद ने उनकी उपस्थिति में ही बैठक की कार्रवाई शुरू कराई।
चेयरपर्सन शमीम बेगम व विधायक गुलाम मोहम्मद ने सदस्यों से विकास कार्याें पर चर्चा की। बजट में से विकास कार्याें के लिए दो करोड़ 30 लाख की धनराशि के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। बैठक में कस्बे में सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, पथ प्रकाश व्यवस्था, रास्तों व नालियों के निर्माण, कान्हा गोशाला निर्माण, हेतु अनुमानित 2.30 लाख के विभिन्न प्रस्ताव पास हुए। इसके अलावा कस्बे में खेल का मैदान, एसटीपी का निर्माण, लाइब्रेरी का निर्माण, अन्य प्रस्ताव भी पास हुए।
बैठक में सभासद ही ले सकेंगे भाग
बोर्ड बैठक में निकाय के सदस्य ही शामिल हो सकते हैं। अगर खिवाई बैठक में महिला सभासद के पति मौजूद रहे हैं तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - जागृति अवस्थी, एसडीएम
महिला सभासदों के पतियों को दी हिदायत
बैठक में महिला सभासदों के पति मौजूद रहने को लेकर हंगामा हुआ था। बैठक में केवल निकाय सदस्यों को ही शामिल रहने का अधिकार है। महिला सभासदों के पतियों को भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत दी गई है। - शमीम बेगम, चेयरपर्सन, नगर पंचायत खिवाई