एसपी देहात बोले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कार्रवाई
विज्ञापन
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल, दंपती ने नहीं दी तहरीर
चरित्र पर शक करने पर दंपती में हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी हस्तिनापुर/मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गढ़ी गांव की गुढ़ा कॉलोनी में 22 दिन के मासूम बच्चे की मौत हो गई। शुक्रवार को दंपती ने एक दूसरे पर मासूम की हत्या करने का आरोप लगाया। दंपती में झगड़ा होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। चरित्र पर शक करने को लेकर दंपती में विवाद है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अकबरपुर गढ़ी गांव की गुढ़ा कॉलोनी में रहने वाले दंपती के दो वर्ष का एक बेटा है। एक बेटे को महिला ने 22 दिन पहले जन्म दिया था। मासूम बच्चे की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। महिला ने कहा कि उसके पति ने यह कहते हुए बच्चे की हत्या की है कि यह उसकी संतान नहीं है। वहीं, युवक ने कहा कि उसकी पत्नी के दूसरे पुरुष से संबंध हैं। इसलिए महिला ने बच्चे की हत्या की है। पुलिस दंपती को थाने लेकर आई। यहां महिला का रोकर बुरा हाल था।
हस्तिनापुर थाना पुलिस ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची और दंपती से अलग-अलग पूछताछ की। फिलहाल शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे का पिता का कई बार गांव में विवाद हो चुका है।