बैंडबाजों के निकाली गई कलश यात्रा
मेरठ। सोमदत्त विहार फेज दो स्थित शंकर वाटिका पार्क में शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा से पहले बैंडबाजों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ हुई, जो सोमदत्त विहार फेज एक, दो और तीन सहित जागृति विहार के विभिन्न इलाकों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान विपिन त्यागी और सुमन त्यागी अपने सिर पर कलश और श्रीमद्भागवत लेकर चल रहे थे। साथ ही 100 से अधिक महिलाएं कलश लेकर मंगल गीत गाती चल रही थीं। रथ पर महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज और संजीव कुमार शास्त्री विराजमान रहे। महामंडलेश्वर ने कथा का शुभारंभ करते हुए कहा कि जो मनुष्य प्रभु की भक्ति करते हैं वह सदैव सुखी रहते हैं। इस मौके पर कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, दिलबाग राय, आदित्य त्यागी, जगमोहन शर्मा, कपिल, सुमन, ज्योति, सुनीता, संध्या, रेनू आदि मुख्य रहे।