अनमीटर्ड उपभोक्ताओं के यहां लगवाओ मीटर
मेरठ। प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार ने सभी अनमीटर्ड उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आलोक कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पीवीवीएनएल की राजस्व और चल रही योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। कुमार ने कहा कि बिलिंग एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान तत्काल कर उन्हें राहत दी जाए। सरकारी विभागों के बिलों के भुगतान के लिए सत्यापन हेतु मुख्यालय भेजा जाए ताकि वसूली की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके। कुमार ने कहा कि जल निगम और प्राइमरी स्कूलों के बिलो का भुगतान लोकल स्तर पर ही किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को दिए गए राजस्व लक्ष्य को पूरा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर एमडी आशुतोष निरंजन, निदेशक तकनीकी राजकुमार, निदेशक वित्त पीके अग्रवाल, मुख्य अभियंता एसबी यादव, विराग बंसल, राकेश कुशवाह, एमके अग्रवाल, संजय आनंद जैन आदि मौजूद रहे।