मेरठ। दिल्ली रोड स्थित भैसाली बस अड्डे को लेकर बुधवार को एनजीटी में सुनवाई होगी। वाद में पार्टी बनाए गए सभी विभागों ने तो अपने जवाब दाखिल कर दिए है, लेकिन प्रदेश सरकार की तरफ से जवाब दाखिल नहीं हो सका है। शहर में जाम और प्रदूषण का पर्याय बने भैसाली बस अड्डे का मामला एनजीटी में चल रहा है। एनजीटी ने मामले में रोडवेज, एमडीए के साथ प्रदूषण नियंत्रण विभाग और वन एवं पर्यावरण विभाग के अलावा प्रदेश सरकार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। प्रदेश सरकार को छोड़कर सभी विभागों ने अपने जवाब दाखिल कर दिया है। याचिकाकर्ता लोकेश खुराना ने बताया कि एनजीटी में बुधवार को फाइनल सुनवाई होनी है। वहीं ट्रिब्युनल में मामला विचाराधीन होने के बाद भी बस अड्डे पर निर्माण कार्य चल रहा है।