कंकरखेड़ा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रविवार को गुरु नानक बाजार स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में हुई। इसमें प्रांतीय महामंत्री हरकेश सिंह व प्रांतीय उपाध्यक्ष बाकर हुसैन ने कहा कि संगठन दस वर्षों से शिक्षक हितों की लड़ाई लड़ रहा है। अंशदाई पेंशन योजना में पैसे कटने के बाद भी खाते में शून्य दर्शाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष से ऊपर आयु के सरकारी कर्मचारियों को दक्षता परीक्षण के बाद अनिवार्य सेवानिवृत्ति का फैसला उचित नहीं है। यदि सरकार अपने इस निर्णय को वापस नहीं लेती है तो संगठन इसके विरोध में संयुक्त मोर्चा का गठन कर आंदोलन करेगा। बैठक की अध्यक्षता डॉ. सतीश प्रकाश व संचालन राम गोपाल ने किया। बैठक में कौशल कुमार, नीरज कुमार, राम चरण, नरेंद्र कुमार, बृजपाल सिंह, मो. खालिद अली मौजूद रहे।